गोल्डन आई शेफ 2026 में आपका हार्दिक स्वागत है।
हमें दुनिया भर के ब्लाइंड और विज़ुअली इम्पेयर्ड लोगों को गोल्डन आई शेफ 2026 में आमंत्रित करते हुए अत्यंत प्रसन्नता हो रही है। यह दुनिया की पहली और एकमात्र वैश्विक पाक-कला प्रतियोगिता है, जिसे विशेष रूप से ब्लाइंड और विज़ुअली इम्पेयर्ड लोगों के लिए डिज़ाइन किया गया है।
गोल्डन आई शेफ केवल एक पाक-कला प्रतियोगिता नहीं है। यह आत्मनिर्भरता, रचनात्मकता, आत्मविश्वास, संस्कृति और उन कहानियों का उत्सव है, जो भोजन के माध्यम से हमारे जीवन में जुड़ती हैं। इस प्रतियोगिता के माध्यम से हमारा उद्देश्य केवल आपकी पाक-कला का प्रदर्शन करना नहीं है, बल्कि उन यादों, परंपराओं, अनुभवों और रिश्तों को भी दुनिया के सामने लाना है, जो हर व्यंजन को विशेष बनाते हैं।
गोल्डन आई शेफ 2026 की थीम है—
द ग्लोबल टेबल – मैनी किचन्स, वन फैमिली
इस थीम के अंतर्गत सभी प्रतिभागियों को एक डिश ऑफ टुगेदरनेस तैयार करनी है।
आपका कार्य बहुत सरल है। ऐसा एक व्यंजन तैयार कीजिए जिसे आप अपने परिवार, मित्रों, मेहमानों या अपने समुदाय के लिए बनाना पसंद करते हैं, और उसके पीछे की कहानी हमारे साथ साझा कीजिए।
यह व्यंजन पारंपरिक हो सकता है, किसी संस्कृति से जुड़ा हो सकता है, किसी त्योहार का विशेष व्यंजन हो सकता है, घर का बना हुआ हो सकता है, कम्फर्ट फूड हो सकता है, या फिर आपकी अपनी विशेष रेसिपी हो सकती है। किसी भी प्रकार के व्यंजन या पाक शैली पर कोई प्रतिबंध नहीं है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि उस व्यंजन का आपके जीवन में विशेष महत्व हो और वह साथ मिलकर रहने तथा लोगों को जोड़ने की भावना को दर्शाता हो।
शुरू करने से पहले, कुछ क्षण अपने व्यंजन के पीछे की कहानी के बारे में सोचिए।
हो सकता है कि यह कोई ऐसी रेसिपी हो जो पीढ़ियों से आपके परिवार में चली आ रही हो। यह किसी पारिवारिक समारोह, किसी त्योहार या किसी विशेष अवसर की याद दिलाती हो। शायद यह वही व्यंजन हो जिसे आप अपने घर आने वाले मित्रों के लिए अक्सर बनाते हों। या फिर यह आपकी अपनी बनाई हुई ऐसी रेसिपी हो, जिसे आपने साधारण सामग्री या बची हुई चीज़ों का उपयोग करके तैयार किया हो और जो बाद में आपके परिवार और मित्रों की पसंदीदा बन गई हो।
आपकी कहानी परिवार, मित्रता, समुदाय, संस्कृति, नवाचार, व्यक्तिगत उपलब्धि या आपके व्यंजन से जुड़े किसी भी यादगार अनुभव के बारे में हो सकती है।
कोई भी कहानी सही या गलत नहीं होती। हम केवल यह जानना चाहते हैं कि आपका यह व्यंजन आपके लिए इतना विशेष क्यों है।
गोल्डन आई शेफ 2026 में दुनिया के किसी भी देश के ब्लाइंड और विज़ुअली इम्पेयर्ड व्यक्ति भाग ले सकते हैं। प्रतिभागी की आयु 25 जुलाई 2026 तक कम से कम 18 वर्ष होनी चाहिए। इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए कोई एंट्री फीस नहीं है।
प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए आपको हमारी वेबसाइट 2026.goldeneyechef.com से गोल्डन आई शेफ 2026 एंट्री फॉर्म डाउनलोड करके पूरा भरना होगा। इसके बाद आपको अपना व्यंजन तैयार करते हुए अपना एक वीडियो रिकॉर्ड करना होगा।
एंट्री फॉर्म के माध्यम से हमें आपके बारे में, आपके व्यंजन के बारे में और उसके पीछे की कहानी के बारे में जानकारी मिलती है। कृपया अपनी प्रविष्टि भेजने से पहले फॉर्म के सभी भाग ध्यानपूर्वक भरें।
वीडियो की शुरुआत में अपना परिचय दीजिए। हमें अपना नाम, अपना देश और उस व्यंजन का नाम बताइए जिसे आप तैयार करने जा रहे हैं।
खाना बनाते समय हमें उन सभी सामग्री के बारे में बताइए जिनका आप उपयोग कर रहे हैं, और अपने व्यंजन को तैयार करने की महत्वपूर्ण प्रक्रिया भी समझाइए।
सबसे महत्वपूर्ण बात, अपने व्यंजन के पीछे की कहानी हमारे साथ साझा कीजिए। हमें बताइए कि आपने गोल्डन आई शेफ 2026 के लिए यही व्यंजन क्यों चुना और यह आपके लिए इतना विशेष क्यों है।
जब आपका व्यंजन पूरी तरह तैयार हो जाए, तो हमें उसका अंतिम रूप दिखाइए। साथ ही यह भी बताइए कि यह व्यंजन आपके लिए क्या मायने रखता है और यह लोगों को एक साथ कैसे जोड़ता है।
आपके वीडियो की अधिकतम अवधि 15 मिनट होनी चाहिए।
वीडियो लैंडस्केप, यानी हॉरिज़ॉन्टल मोड में रिकॉर्ड किया जाना चाहिए। साथ ही, ऑडियो इतना स्पष्ट होना चाहिए कि निर्णायक आपकी पूरी जानकारी और आपकी कहानी आसानी से सुन सकें।
वीडियो रिकॉर्ड करने के लिए आप मोबाइल फ़ोन, कैमरा या अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी उपयुक्त रिकॉर्डिंग डिवाइस का उपयोग कर सकते हैं।
आप अपना वीडियो किसी भी भाषा में रिकॉर्ड कर सकते हैं, जिसमें आप सहज महसूस करते हों। हम सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करते हैं कि वे उसी भाषा में अपनी बात रखें, जिसमें वे सबसे अधिक सहज हों।
समय का बेहतर उपयोग करने के लिए आप खाना बनाते समय पॉज़ और रिज़्यूम का उपयोग कर सकते हैं। उदाहरण के लिए, यदि भोजन पकने में समय लग रहा हो, आटे को कुछ देर रखना हो या किसी सामग्री को ठंडा होने का इंतज़ार करना हो, तो आप रिकॉर्डिंग को पॉज़ कर सकते हैं और बाद में वहीं से रिज़्यूम कर सकते हैं।
हालाँकि, वीडियो एडिटिंग की अनुमति नहीं है। कृपया अपने वीडियो में म्यूज़िक, फ़िल्टर, विज़ुअल इफ़ेक्ट्स, ट्रांज़िशन्स, सबटाइटल्स, वॉइस-ओवर या किसी भी प्रकार के पोस्ट-प्रोडक्शन इफ़ेक्ट्स का उपयोग न करें।
इस प्रतियोगिता का उद्देश्य आपकी वास्तविक पाक-कला और आपके व्यक्तिगत अनुभव को उसी रूप में प्रस्तुत करना है, जैसा वह वास्तव में है।
गोल्डन आई शेफ स्वतंत्र रूप से खाना बनाने की क्षमता और व्यक्तिगत उपलब्धि का सम्मान करता है। इसलिए खाना बनाने की पूरी प्रक्रिया प्रतिभागी को स्वयं करनी होगी।
वीडियो रिकॉर्ड करने में कोई आपकी सहायता कर सकता है। आपके परिवार के सदस्य या मित्र भी कुछ समय के लिए वीडियो में दिखाई दे सकते हैं, लेकिन खाना पूरी तरह प्रतिभागी द्वारा ही तैयार किया जाना चाहिए।
जब आपका वीडियो तैयार हो जाए और गोल्डन आई शेफ 2026 एंट्री फॉर्म पूरी तरह भर लिया जाए, तो कृपया अपनी प्रविष्टि हमें ईमेल के माध्यम से भेजें।
ईमेल पता है— goldeneyechef@antardrishti.org
आपकी प्रविष्टि में निम्नलिखित तीन चीज़ें अवश्य शामिल होनी चाहिए।
पहला, पूरी तरह भरा हुआ गोल्डन आई शेफ 2026 एंट्री फॉर्म।
दूसरा, आपका प्रतियोगिता का वीडियो।
और तीसरा, आयोजकों द्वारा माँगे गए अन्य आवश्यक दस्तावेज़, यदि लागू हों।
यदि आपका वीडियो ईमेल से भेजने के लिए बहुत बड़ा है, तो आप उसे गूगल ड्राइव, ड्रॉपबॉक्स, वीट्रांसफर या वनड्राइव जैसे किसी भी फ़ाइल-शेयरिंग प्लेटफ़ॉर्म पर अपलोड करके उसका डाउनलोड लिंक हमें भेज सकते हैं।
कृपया यह सुनिश्चित करें कि आपके द्वारा साझा किया गया लिंक सही तरीके से खुलता हो और प्रतियोगिता की पूरी प्रक्रिया पूरी होने तक सक्रिय रहे।
कृपया अपनी वीडियो फ़ाइल को अपने नाम और अपने व्यंजन के नाम के साथ सेव करें।
उदाहरण के लिए—
Akhilsrivastava-veg.mp4
प्रविष्टियाँ 25 जुलाई 2026 से 25 अगस्त 2026 तक स्वीकार की जाएँगी।
हम सभी प्रतिभागियों से अनुरोध करते हैं कि अंतिम तिथि का इंतज़ार करने के बजाय अपनी प्रविष्टि समय से पहले भेज दें, ताकि इंटरनेट या किसी तकनीकी समस्या के कारण अंतिम समय में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
आपकी प्रविष्टि प्राप्त होने के बाद, गोल्डन आई शेफ की टीम उसकी समीक्षा करेगी। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सभी आवश्यक जानकारी उपलब्ध है और आपकी प्रविष्टि प्रतियोगिता के दिशा-निर्देशों के अनुरूप है।
यदि किसी महत्वपूर्ण जानकारी की कमी होगी, तो हमारी टीम स्पष्टीकरण या अतिरिक्त जानकारी के लिए आपसे संपर्क कर सकती है।
अपनी प्रविष्टि भेजने से पहले एक बार यह अवश्य जाँच लें कि आपका वीडियो 15 मिनट से अधिक का न हो, उसमें खाना बनाने की पूरी प्रक्रिया स्पष्ट रूप से दिखाई गई हो, आपके व्यंजन के पीछे की कहानी शामिल हो और वीडियो बिना किसी समस्या के खुलता तथा सही तरीके से चलता हो।
सबसे महत्वपूर्ण बात यह याद रखें कि गोल्डन आई शेफ केवल स्वादिष्ट भोजन बनाने की प्रतियोगिता नहीं है। यह आपकी रचनात्मकता, आपके अनुभवों, आपकी संस्कृति और उन कहानियों का उत्सव है, जो भोजन के माध्यम से लोगों को एक-दूसरे से जोड़ती हैं।
हम आपके व्यंजन को देखने, आपकी कहानी सुनने और गोल्डन आई शेफ 2026 की इस प्रेरणादायक यात्रा में आपके साथ जुड़ने के लिए उत्सुक हैं।
आपको हमारी ओर से ढेरों शुभकामनाएँ। खुशी और आत्मविश्वास के साथ खाना बनाइए।
यदि एंट्री फॉर्म डाउनलोड करने या उसे भरने में आपको किसी भी प्रकार की सहायता की आवश्यकता हो, तो आप हमसे व्हाट्सऐप पर संपर्क कर सकते हैं।
व्हाट्सऐप नंबर है— + 91 63999 00012
आप हमें info@goldeneyechef.com पर ईमेल भी कर सकते हैं।
हमें आपकी सहायता करके खुशी होगी।
गोल्डन आई शेफ 2026 का हिस्सा बनने के लिए आपका हार्दिक धन्यवाद।
टीम गोल्डन आई शेफ 2026
